सड़क हादसे के दो गंभीर घायलों को इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया गया। आगरा के एसएन हॉस्पिटल में उपचार के दौरान एक किशोरी की मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
फिरोजाबाद के मक्खनपुर-खैरगढ़ मार्ग पर एसजीएम इंटर कॉलेज के पास सोमवार को एक ऑटो और एक कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक किशोरी की मौत हो गई। वहीं, छह लोग घायल है।
विज्ञापन
खैरगढ़ की ओर से जा रही कार की मक्खनपुर की ओर से आ रहे ऑटो से आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो में सवार योगेश, मालती देवी, और उनकी बेटी मुस्कान निवासी नगला हिम्मत के अलावा, रूबी निवासी असन, नारखी और कार में सवार खुशबू, सीमा गौतम और अभिनव घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही खैरगढ़ थाना प्रभारी राकेश कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत गंभीर रूप से घायल मालती देवी और उनकी 15 वर्षीय बेटी मुस्कान को अपने सरकारी वाहन से जिला अस्पताल भेजा।
विज्ञापन
वहां से दोनों को गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया गया। आगरा के एसएन हॉस्पिटल में उपचार के दौरान मुस्कान की मौत हो गई। थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि मुस्कान की मृत्यु की पुष्टि हो गई है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।