ट्रामा सेंटर में डिब्बा में बंद कर सांप लेकर पहुंचे परिजन। वीडियो ग्रैव
- फोटो : ट्रामा सेंटर में डिब्बा में बंद कर सांप लेकर पहुंचे परिजन। वीडियो ग्रैव
मक्खनपुर। थाना क्षेत्र के गांव अदमपुर में शुक्रवार शाम को सांप के डसने से एक किशोरी की हालत बिगड़ गई। सांप के डसते ही वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ी। परिजन आनन-फानन में उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसे भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया।
घटना के बाद परिजन सांप को पकड़कर एक डिब्बे में बंद कर साथ ले आए। ट्रॉमा सेंटर में जब उन्होंने चिकित्सकों को डिब्बे में बंद सांप दिखाया तो वहां मौजूद तीमारदारों में खलबली मच गई। सांप को देखने के लिए तीमारदारों की भीड़ जुट गई। परिजन ने चिकित्सकों को बताया कि वह कमरे में बैठी थी। इसी दौरान राधिका को सांप ने डस लिया था। डसने के बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी और वह अचेत होकर गिर गई। परिजन बिना समय गंवाए उसे ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। चिकित्सकों ने युवती को भर्ती कर उपचार शुरू किया। उसकी हालत स्थित होने के बाद परिजन उसे घर ले गए। संवाद