फिरोजाबाद/नारखी। नारखी थाना क्षेत्र के गांव मुईनउद्दीनपुर में सोमवार रात एक किशोर की गांव के ही युवक ने गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है।
नारखी थाना क्षेत्र के गांव मुईनउद्दीनपुर निवासी मंयक (15) सोमवार रात करीब आठ बजे अपने पिता को चौराहे से लेने जा रहा था। घर से कुछ दूरी पर गांव के ही अतुल पुत्र ओमप्रकाश से उसका किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया।
झगड़े के दौरान अतुल ने मयंक का गला दबा दिया और उसके सिर को विद्युत पोलमें मार दिया। इससे मयंक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग खड़ा हुआ।
उधर, मयंक की हत्या की सूचना पर ग्रामीणों के साथ परिजन मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नारखी थानाध्यक्ष केके तिवारी ने बताया कि मंयक के पिता की तहरीर पर अतुल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी को प्रयास किए जा रहे है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवारीजनों के सुपुर्द कर दिया है।