15 जुलाई से आने-जाने का समय दर्ज कराएंगे शिक्षक
- 12 पंजिकाओं का रियल टाइम उपयोग करने के लिए जारी किया आदेश
- स्कूलों को 2800 टैबलेट और नेटवर्क के आधार पर दिया गया सीयूजी नंबर
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। ग्रीष्मकालीन छुट्टी पूरी होने के बाद अब परिषदीय विद्यालयों चाइल्ड फ्रेंडली वातावरण तैयार करने की कवायद शुरू हो गई। 15 जुलाई से जिले के 1400 प्राइमरी और कंपोजिट विद्यालयों में 12 पंजिकाओं का रियल टाइम उपयोग करने की तैयारी है। डिजिटलाइजेशन व्यवस्था लागू होने के बाद शिक्षकों का आने-जाने का समय दर्ज करना होगा।
विगत 20 जुलाई 2023 को बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालित विद्यालयों में 12 पंजिकाओं को ऑनलाइन किया जाना है। जिला समन्वय (प्रशिक्षण) सोनू कुमार ने बताया कि उपस्थिति, प्रवेश, कक्षावार छात्र, एमडीएम, समेकित निशुल्क सामग्री वितरण, स्टॉक, आय-व्यय एवं चेक इश्यू, बैठक, निरीक्षक, पत्र व्यवहार, बाल गणना, पुस्तकालय एवं खेलकूद पंजिका के डिजिटलाइजेशन के लिए डिजिटल रजिस्टर्स के नाम से नया मॉड्यूल विकसित किया गया।
शिक्षकों को आने-जाने का समय दर्ज कराना होगा। मध्याह्न भोजन योजना और छात्र उपस्थिति समेत पंजिकाएं रियल टाइम उपयोग की जा सकेंगी। पंजिकाओं कोे रियल टाइम उपयोग करने के लिए लोकल कनेक्टिविटी के आधार पर सिम कार्ड और टैबलेट उपलब्ध कराया गया है। आगामी 15 जुलाई से सभी विद्यालयों में प्रभावी तरीके से लागू किया जाएगा।
सुबह 7:15 से 7:30 बजे दर्ज कराएंगे हाजिरी
- अधिकारियों ने बताया कि एक अप्रैल से 30 सितंबर तक आने का समय सुबह 7:45 से 8:00 बजे और जाने का समय 2:15 से 2:30 बजे के बीच निर्धारित किया गया है। फिलहाल कोई नया आदेश जारी होने तक 7:15 से 7:30 बजे तक आने और 1:30 से 1:45 बजे तक जाने के लिए रियल टाइम हाजिरी दर्ज करा सकेंगे। इसी तरह से एक अक्टूबर से 31 मार्च तक आने के लिए सुबह 8:45 से 9:00 बजे और जाने के लिए दोपहर 3:15 से 3:30 बजे का समय निर्धारित किया गया।