मोहल्ला पाठशाला के अंतर्गत गांव गढ़ी जाफर में बच्चों को पढ़ाते शिक्षक।
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। कोरोना संक्रमण के चलते बंद स्कूलों में अब तक कक्षाएं नहीं शुरू हो पाई हैं। ग्रामीण क्षेत्र में ज्यादातर बच्चे ऑनलाइन शिक्षा से जुड़ नहीं पाने से पढ़ नहीं पा रहे थे। कहीं नेटवर्क की समस्या तो कहीं संसाधनों का अभाव। ऐसे में बच्चों को शिक्षित करने के लिए गांवों में मोहल्ला पाठशाला चलाई जा रही है। जहां परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक बच्चों को पढ़ा रहे हैं।
विकास खंड टूंडला में संकुल शिक्षक सरिता शर्मा व गढ़ी जाफर के शिक्षक अखिलेश शर्मा, अनुष्का यादव, बीना बघेल, उच्च प्राथमिक विद्यालय गढ़ी जाफर में रुबीना शाहीन, गुंजन सिंघल द्वारा घर-घर शिक्षा की अलख जगाने का कार्य किया जा रहा है। इन शिक्षकों ने यह तय किया कि मिशन प्रेरणा के तहत ई-पाठशाला, आकाशवाणी और दूरदर्शन के कार्यक्रमों का बच्चों के ऊपर पड़ने वाले प्रभाव को जमीनी हकीकत से परखा जाए।
एसआरजी जया शर्मा ने इस कार्य के लिए संकुल शिक्षक व स्टाफ को प्रेरित किया। परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों ने स्कूल के नजदीक गांव में जाकर कक्षाएं शुरू कर दी हैं। गांवों में घर-घर मोहल्ला क्लास का संचालन किया जा रहा है। बच्चों को शैक्षिक प्रसारण की जानकारी के साथ साथ शिक्षण सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है।