कोतवाली उत्तर क्षेत्र के मोहल्ला बिहारीनगर निवासी संजू देवी यादव को सुभाष तिराहा पर मार्ग पार करते समय डीसीएम ने रौंद दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद डीसीएम को लेकर भाग रहे चालक को जिला मुख्यालय पुलिस चौकी पर फोर्स ने पकड़ लिया।
बिहारी नगर निवासी संजू देवी यादव (26) पत्नी जितेंद्र यादव स्टेशन रोड स्थित महात्मा गांधी बालिका इंटर कालेज के सामने कोचिंग में अध्यापिका हैं। वहीं वह एक प्राइवेट स्कूल में भी पढ़ाती थी। गुरुवार सुबह करीब आठ बजे वह स्कूल और कोचिंग पर जाने के लिए निकली थी। सवा आठ बजे सुभाष तिराहा पर मार्ग पार करने का प्रयास करते समय उन्हें आगरा की ओर से आ रही डीसीएम ने अपनी जद में ले लिया। हादसे में संजू देवी की मौके पर ही मौत हो गई। इधर, हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया। हादसे की जानकारी पर पुलिस के साथ बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। पुलिस ने शव को पीएम को जिला अस्पताल भेज मृतका के परिवारीजनों को सूचना दी। महिला की मौत की सूचना पर परिवारीजनों में कोहराम मच गया। मृतका के पति की तहरीर पर पुलिस ने डीसीएम चालक के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए शव का पीएम कराते हुए परिवारीजनों के सुपुर्द कर दिया। थानाध्यक्ष उत्तर का कहना है कि आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेजा जाएगा।