फिरोजाबाद। तिलक इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को आधा घंटा देर से पहुंचने पर दो छात्रों से उठक-बैठक कराई गई और उनकी पिटाई की गई। जानकारी होने पर अभिभावक कॉलेज पहुंचे और नाराजगी जताई। मामले में कॉलेज के प्रधानाचार्य ने जांच बैठा दी है।
नगला गोला क्षेत्र निवासी दसवीं और 11वीं में पढ़ने वाले रिश्ते के दो भाई बृहस्पतिवार सुबह 7:30 के बजाय आठ बजे आधा घंटा देर से स्कूल पहुंचे। एक शिक्षक ने उन्हें देखा और तत्काल पास बुला लिया। देरी से आने का कारण पूछने पर दोनों ने शिक्षक को बताया कि सीएल जैन इंटर कॉलेज के पास बन रहे ओवरब्रिज के कारण जाम लगा था। इस कारण देर हो गई। छात्राें का आरोप है कि कारण बताने पर भी शिक्षक ने उनकी नहीं सुनी और डांटते हुए उठक बैठक कराई। फिर थप्पड़ भी मारे।
जानकारी पर दोनों छात्रों के परिवार के सदस्य कॉलेज पहुंचे और प्रधानाचार्य से बात की। उन्होंने कहा कि अनुशासन जरूरी है, लेकिन इस तरह मारपीट करना बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर असर डालता है।
एक और बच्चे को पीटा
इसी विद्यालय के कक्षा सात के एक छात्र की भी शिक्षक द्वारा पिटाई करने की बात सामने आई है। छात्र का आरोप है कि स्टेशनरी का एक सामान गायब होने पर बिना पूछताछ किए शिक्षक ने थप्पड़ मारे गए। छात्र ने पीठ पर लगे निशान शिक्षकों को भी दिखाए।
वर्जन
दोनों घटनाओं की जानकारी मिलते ही जांच के आदेश दे दिए हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। अभिभावकों को आश्वस्त किया गया है कि निष्पक्षता से कार्रवाई की जाएगी ताकि आगे ऐसी घटनाएं न हों।
- राकेश अग्रवाल, प्रधानाचार्य