फिरोजाबाद। लोकसभा चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों के लिए खर्च किए जाने के लिए दरें निर्धारित कर दी हैं। चाय व कचौड़ी सात-सात रुपये की निर्धारित की गई हैं लंच पैकिट का खर्च 50 रुपये जोड़ा जाएगा। प्रत्याशियों के द्वारा खुद खर्च देने के साथ प्रशासन की ओर से व्यय टीमों के द्वारा भी निगरानी की जाएगी। यह टीमें सभाओं के दौरान भी सक्रिय रहेंगी।
लोकसभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ प्रत्याशियों के द्वारा प्रचार अभियान के साथ कार्यालयों में होने वाले खर्चे पर नजर रखी जाएगी। आयोग की ओर से निर्धारित दर में चाय की कीमत सात तो समोसे की 10 रुपये होगी। पूड़ी पांच रुपये की दर से लगेगी। गर्मी के मौसम में कोल्ड ड्रिंक 18 रुपये की दर से लगेगी। लंच पैकेट का खर्चा 50 रुपये जुड़ेगा। पकौड़ी 30 रुपये की सौ ग्राम, लड्डू 10 रुपये का खर्च जुड़ेगा। शाकाहारी भोजन की थाली 120 एवं नॉनवेज भोजन की थाली 190 रुपये की लगेगी। बर्फ की सिल्ली 100 रुपये खर्च लगेगा।
गुलाब की माला 120 रुपये
प्रत्याशियों की सभाओं में होने वाले खर्च पर निगरानी होगी। सादा कुर्सी का किराया नौ रुपये, फैंसी का 13 रुपये, सोफा टू सीट 80, गुलाब की माला 60, 80 एवं 120 रुपये कीमत तय की गई हैं। गेंदा के फूल की माला 25, 35 एवं 60 रुपये तक खर्च लगेगा। बुके गुलदस्ता 150, 250 और 300 लगेगा।
ईधन के हिसाब से जुड़ेगा वाहनों का खर्चा
प्रत्याशियों के समर्थन में होने वाली सभाओं में भीड़ को लाने में प्रयोग होने वाली बसों, ट्रैक्टर आदि की दर आयोग ने तय की हैं। इसमें बस 15 से 24 सीटर 1220 रुपये एवं ईधन, 25 से 34 सीटर 1365 रुपया तथा ईंधन, 35 से 40 सीटर 1530 रुपये एवं ईंधन, 41 से 45 सीटर 1600 रुपये एवं ईंधन, 46 एवं उससे अधिक 1800 एवं ईधन के आधार पर तय होगा। मोटर साइकिल 180 रुपये, साइकिल सौ रुपये, ई रिक्शा 400, ऑटो-टेंपो 800, ट्रैक्टर ट्रॉली 1100 रुपये किराया लगेगा।