टूंडला में आयोजित तहसील दिवस में शिकायत सुनतीं डीएम नेहा शर्मा।
नई सरकार गठन के बाद मंगलवार को लगे पहले तहसील दिवस में कमिशभनर और डीआईजी के पहुंचने से अफसरों में खलबली मच गई। उन्होंने शिकायत निस्तारण में लापरवाही पर तहसीलदार, मालबाबू और आरके को फटकार लगाई।
कमिश्नर चंद्रकांत त्रिपाठी, डीआईजी प्रेमप्रकाश मिश्रा पौने बारह बजे सदर तहसील पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इसके उपरांत तहसील दिवस का रजिस्टर चेक किया। रजिस्टर चेक करने के दौरान उनके संज्ञान में आया कि कई शिकायतें लंबित थीं तथा कुछ शिकायतों में निस्तारण के गलत तथ्य लिखे थे। इस पर कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए तहसीलदार, माल बाबू एवं आरके को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने एसडीएम से शिकायतों के निस्तारण में सुधार कराने के निर्देश दिए। इसके उपरांत वह आगरा के लिए रवाना हो गए। तहसील दिवस में राजस्व, राशन कार्ड, कब्जे व पेयजल सहित कुल 27 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिसमें दो शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील दिवस में एडीएम उदय सिंह, एसडीएम सदर रविंद्र कुमार मांदड़, तहसीलदार आदि रहे।