घटना के संबंध में जानकारी करते पुलिस अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र में बुधवार रात को बाइक सवार बदमाशों ने सराफा कारोबारी को गोली मारकर घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश बैग लूटकर ले गए। परिजनों ने घायल कारोबार की अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें आगरा रेफर कर दिया गया। एसएसपी ने अस्पताल पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी की।
महेश वर्मा (42) सोने-चांदी का काम करते हैं। उनकी थाना रसूलपुर के क्षेत्र आसफाबाद पर कृष्णा ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। बुधवार रात नौ बजे वह दुकान बंद कर बाइक से घर आ रहे थे। उनका साला भी उसके साथ बाइक पर सवार था। टाट वाले बाबा के समीप बाइक सवार बदमाशों ने महेश को गोली मार दी। गोली उसके कंधे पर लगी।
गोली लगने से कारोबारी बाइक सहित गिर पड़े। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश उनका बैग लूटकर ले गए। बैग में नगदी तथा सोने-चांदी के आभूषण बताए गए हैं। बाद में वहां काफी लोग एकत्रित हो गए। सूचना पर पहुंची परिजन घायल कारोबारी को जिला अस्पताल लेकर आए। गंभीर हालत देख चिकित्सक ने उन्हें आगरा रेफर कर दिया।
एसएसपी आशीष तिवारी ने जिला अस्पताल पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी की। एसएसपी ने बताया कि सराफा कारोबारी के साथ घटना हुई है। बाइक सवार तीन लोगों ने घटना को अंजाम दिया है। घायल को आगरा रेफर कर दिया है। बदमाशों के बारे में जानकारी की जा रही है।