सिरसागंज (फिरोजाबाद)। कोल्ड स्टोरेज में काम करने वाले बरेली निवासी पल्लेदार की हत्या प्रेम प्रसंग के चलते होने की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके चेहरा, आंख, सीना एवं जांघ सहित दस स्थानों पर चोट के निशान पाए गए हैं। फिलहाल अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करके पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ करनी प्रारंभ कर दी है। पुलिस सूत्रों की मानें तो शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
जिला बरेली के कस्बा शीशगढ़ निवासी फहीम (35) थाना सिरसागंज क्षेत्र के अरांव मार्ग स्थित आरपी कोल्ड स्टोर में पल्लेदारी का काम करता था। रविवार शाम से वह गायब था। उसका शव मंगलवार शाम पांच बजे हाईवे किनारे स्थित जदुद्वारा सेवा संस्थान के समीप झाड़ियों में पड़ा मिला था। प्रथम दृष्टया उसकी एक आंख पर चोट थी। बुधवार को उसके शव का पोस्टमार्टम दो डॉक्टरों के पैनल से कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके शरीर में चोट के 10 निशान पाए गए। उसकी मृत्यु आंतरिक रक्तस्राव से होने की आशंका है। मृतक के फुफेरे भाई मतीन अहमद ने बताया कि फहीम की शादी नहीं हुई थी। वह चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। पिछले करीब डेढ़ वर्ष से कोल्ड स्टोर में पल्लेदारी का काम कर रहा था। इधर जानकारी मिली है कि फहीम का प्रेम प्रसंग पास के ही दूसरे कोल्ड स्टोर में काम करने वाली एक महिला से थे। उक्त महिला कोल्ड स्टोर के समीप स्थित गांव की निवासी है। उनके इस प्रेम प्रसंग की भनक महिला के दूसरे प्रेमी को लग गई थी। आशंका है कि इस कारण उसने डंडे से पीट-पीट कर पल्लेदार की हत्या कर दी। थाना सिरसागंज के इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि पल्लेदार की हत्या हुई है या फिर ब्रेन हेमरेज से उसकी मृत्यु हुई इसकी जांच की जा रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसकी मृत्यु का कारण अभी पता नहीं चल सका है।