फिरोजाबाद। जन्म प्रमाणपत्र के नाम पर कर्मचारी ने आवेदक से 300 रुपये ऐंठ लिए। कई माह से चक्कर काट रहे पीड़ित ने बृहस्पतिवार को सहायक आयुक्त को शिकायती पत्र देकर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
आमिर अली निवासी कश्मीरी गेट ने मार्च माह में बेटे अहमद रजा के नाम जन्म प्रमाणपत्र के लिए आवेदन किया था। आमिर का आरोप है कि निगम के जन्म-मृत्यु पंजीयन विभाग में तैनात एक कर्मचारी (वर्तमान में निलंबित) ने उससे जन्म प्रमाणपत्र जल्द बनाने का झांसा देकर 300 रुपये वसूल लिए। अब कर्मचारी उससे बहानेबाजी कर रहा है। पीड़ित ने बृहस्पतिवार को इसकी लिखित शिकायत सहायक आयुक्त से की। सहायक आयुक्त निहाल चंद के मुताबिक जन्म-मृत्यु पंजीयन विभाग में तैनात रहे कर्मचारी के विरुद्ध एक व्यक्ति से अवैध वसूली की शिकायत मिली है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।