फिरोजाबाद में समस्याओं से परेशान जवाहर नवोदय विद्यालय, गुरैया सोयलपुर के 60 विद्यार्थियों ने सोमवार सुबह खुद को उदयगिरी हॉस्टल में बंद कर लिया। विद्यार्थी न तो कक्षाओं में गए और न ही खाना खाया। इससे हंगामा मच गया।
अध्यापकों और प्रधानाचार्य के काफी प्रयास के बाद भी जब छात्रों ने हाॅस्टल का दरवाजा नहीं खोला तो एसडीएम सिरसागंज को सूचना दी गई। दोपहर साढ़े 12 बजे एसडीएम विद्यालय पहुंचे और छात्रों की समस्याओं को सुनकर निदान कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद विद्यार्थी हॉस्टल से बाहर निकले।
सोमवार सुबह आठ बजे कक्षा 11 व 12 के विद्यार्थियों ने खुद को उदयगिरी हॉस्टल में बंद कर लिया। उनका आरोप था कि खाने में उन्हें प्रतिदिन दलिया परोसा जाता है। बाथरूम में कुंडी तक नहीं है।
प्रधानाचार्य डा.अरविंद कुमार छात्रों और अभिभावकों से गलत व्यवहार करते हैं। विद्यालय परिसर में खड़ी घास छात्रों से कटवाई जाती है। यही नहीं, सभी छात्रों को हनुमान चालीसा पढ़ने के लिए कहा जाता है। एसडीएम सुदर्शन कुमार ने इन आरोपों को सुना और प्रधानाचार्य से बात की।
प्रधानाचार्य डाॅ. अरविंद कुमार उपाध्याय ने बताया कि शनिवार को उदयगिरी और नीलगिरी हाउस के छात्रों का आपस में झगड़ा हुआ था। इसकी शिकायत लेकर अभिभावक आए हुए हैं, इसीलिए छात्रों ने यह कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि उनके ऊपर लगाए गए सभी आरोप गलत हैं। हनुमान चालीसा आपसी सौहार्द के लिए पढ़ने को कहा है। अनुशासनहीनता करने वालों को ही डांटा जाता है।
एसडीएम ने सभी पक्षों की बात सुनी और सभी को शांत कराया। छात्रों को आश्वासन दिया कि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इसके बाद दोपहर करीब एक बजे विद्यार्थियों ने हॉस्टल का दरवाजा खोल दिया और बाहर आ गए।
एसडीएम सुदर्शन कुमार ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय गुरैया सोयलपुर के कुछ छात्रों ने खुद को एक कमरे में बंद (हाउस अरेस्ट) कर लिया था। इसकी सूचना पर मौके पर पहुंचकर छात्रों को समझाया और गेट खुलवाया। छात्रों ने भोजन के साथ शौचालय के गेट, बिजली, पानी आदि की समस्याएं रखी हैं। उनका हल प्रधानाचार्य द्वारा किया जाएगा, जो छात्र गलत होंगे उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें-
UP: बंधे हाथ, जले अंग, रेंगते कीडे़...यूसुफ के शव पर फंसा पेंच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चाैंकाने वाली जानकारी