स्कॉलरशिप के लिए खाता खुलवाने भारतीय स्टेट बैंक बाईपास शाखा पहुंचे छात्रों के साथ मैनेजर ने अभद्रता करते हुए खाता खोलने से मना कर दिया। इसके विरोध में राजकीय पॉलीटेक्निक के छात्र एकत्रित हो गए। उन्होंने हाइवे पर जमकर हंगामा काटा। बैंक मैनेजर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। अधिकारियों के समझाने के बाद भी छात्र बमुश्किल माने। प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस फोर्स पहुंचने के बाद जाम खोला गया।
प्रदर्शन करते हुए पॉलीटेक्निक कॉलेज के छात्रों का कहना था कि स्कॉलरशिप का फार्म भरने की अंतिम तिथि गुरुवार है। लेकिन बैंक में खाता नहीं खुल रहा है। 15 दिनों से लौटाया जा रहा है। गुरुवार को छात्र राहुल बैंक पहुंचा तो बैंक मैनेजर ने छात्र से अभद्रता कर बैंक से बाहर निकाल दिया। छात्र के अभद्रता की खबर कॉलेज के अन्य छात्रों को लगी तो सभी बैंक पहुंच गए। उन्होंने बैंक मैनेजर के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हाईवे जाम कर दिया। छात्र बैंक मैनेजर के खिलाफ उग्र होते दिखाई दिए। काफी देर बाद सिटी मजिस्ट्रेट रविंद्र सिंह ने छात्रों को समझाकर जाम खुलवाया। कुछ समय बाद फिर छात्र आंदोलित हो गए। उन्होंने सर्विस रोड को जाम कर दिया। बाद में मौके पर भारी पुलिस फोर्स के साथ सीओ सिटी राजेश चौधरी भी पहुंच गए। सिटी मजिस्ट्रेट ने दोबारा छात्रों को समझाकर जाम खुलवाया।
शाम को फिर लगाया जाम, पुलिस पर लाठीचार्ज का आरोप
फीरोजाबाद। छात्र दोपहर में स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के बाहर हंगामा कर रहे थे तो उनके खाते शाम पांच बजे खोलने का आश्वासन दिया। छात्र पांच बजे फिर से बैंक पहुंच गए, लेकिन बैंक को देखकर छात्र फिर भड़क गए। छात्रों ने हंगामा शुरु कर दिया। भारी मात्रा में पुलिस बल भी पहुंच गया। छात्रों ने आरोप लगाया है कि अपनी हक की मांग कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने न्याय दिलाने की जगह लाठीचार्ज किया है। बैंक प्रबंधक सुरजीत सिंह का कहना है कि पांच सौ छात्र बैंक में आ गए थे, इसलिए उन्हें बाहर जाने के लिए कहा। बाद में सभी के खाते खोल दिए गए हैं।