फिरोजाबाद। सरकारी ट्रामा सेंटर में बुधवार रात को ड्यूटी के दौरान इंटर्नशिप कर रहे मेडिकल छात्र और स्टाफ नर्स के बीच मरीज को सुई लगाने की बात पर नोकझोंक हो गई। मेडिकल छात्र ने फोन कर अन्य साथियों को बुला लिया। इसके बाद सरकारी ट्रामा सेंटर में हंगामा हुआ। हंगामा करती भीड़ को देखकर मरीज और तीमारदार बुरी तरह घबरा गए और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। उच्चाधिकारियों ने मामले को शांत कराया। प्राचार्य ने जांच के आदेश दिए।
बुधवार देर रात स्टाफ नर्स अरविंद कुमार ट्रामा सेंटर में ड्यूटी कर रहे थे। वहां इंटर्नशिप कर रहे मेडिकल छात्र भी थे। तभी स्टाफ नर्स ने उसी वार्ड में छात्र से एक मरीज को सुई लगाने की बात पूछी। इस पर छात्र भड़क गया। उसका कहना था कि तुम मेरे से पूछने वाले कौन हो। इसी बात को लेकर कहासुनी बढ़कर विवाद में बदल गई। छात्र ने फोन करके अपने साथियों को ट्रामा सेंटर बुला लिया। बड़ी संख्या में मेडिकल छात्र सरकारी ट्रामा सेंटर पहुंच गए और हंगामा शुरु कर दिया। हड़ताल करने की बात करने लगे।
हंगामा देखकर इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीज और तीमारदार घबरा गए। हंगामे के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं कुछ देर के लिए प्रभावित हो गईं। कुछ मरीज इलाज कराने आए थे, मामला बिगड़ता देखकर अन्य अस्पतालों की ओर चले गए। ड्यूटी पर मौजूद ईएमओ ने दोनों पक्षों को समझाया। काफी देर बाद हंगामा शांत हुआ।
मेडिकल काॅलेज के प्राचार्य डाॅ. बलवीर सिंह ने कहा कि स्टाफ नर्स और इंटर्नशिप कर रहे मेडिकल छात्र के बीच कहासुनी हो गई थी। जांच के आदेश दे दिए हैं। दोनों को चेतावनी जारी की गई है कि वह अपने अपने क्षेत्र का कार्य करें।