फिरोजाबाद। स्मार्ट सिटी योजना के तहत स्ट्रीट लाइटों के लिए अलग से विद्युत लाइन डाली जाएगी। इससे समय-समय पर लिए जाने वाले शटडाउन के बाद भी स्ट्रीट लाइटें जलती रहेंगी। इस कार्य के लिए शासन ने छह करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया है। टेंडर प्रक्रिया के बाद कंपनी द्वारा जल्द कार्य शुरू करा दिया जाएगा। यह कार्य नगर निगम की सीमा में होगा।
समय-समय पर विद्युत विभाग बिजली कटौती करता है। फॉल्ट होने पर उसे ठीक करने के लिए भी शटडाउन लिया जाता है। इस दौरान स्ट्रीट लाइटें भी बंद हो जाती हैं। इस समस्या के निदान के लिए विद्युत विभाग द्वारा स्ट्रीट लाइट के लिए अलग से विद्युत लाइन डाली जाएगी। विद्युत विभाग सिर्फ विद्युत लाइन डालने काम करेगा। नगर निगम स्ट्रीट लाइट को लगाएगा। विद्युत विभाग के एक्सईएन एके पांडेय ने बताया कि स्ट्रीट लाइटों के लिए विद्युत लाइन डाली जाएगी। यह कार्य करीब छह करोड़ रुपये से होगा। जल्द ही टेंडर से कार्यदायी संस्था को चयनित किया जाएगा।
सेंसर प्रक्रिया से लैस की जाएगी स्ट्रीट लाइट
फिरोजाबाद। स्ट्रीट लाइटों को सेंसर से लैस किया जाएगा। अंधेरा होने पर स्वत: ही पूरे शहर की स्ट्रीट लाइटें जल जाएंगी। उजाला होने पर स्ट्रीट लाइटें स्वत: बंद हो जाएगी। इस सिस्टम से दिन में अनावश्यक स्ट्रीट लाइटें नहीं जलेंगी। स्ट्रीट लाइटों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग होगी। अगर स्ट्रीट लाइट खराब होगी तो उसकी सूचना कंट्रोल रूम को पहुंच जाएगी। संबंधित टीम स्ट्रीट लाइट को ठीक करने के लिए पहुंचेगी।