बेखौफ बदमाशों ने महावीर नगर और नगला विश्नू स्थित गुरु नगर में बंद पड़े मकानों के ताले तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण और हजारों रुपये चोरी कर लिए। घटना की जानकारी पीड़ितों को सुबह जगार होने पर हो सकी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
मोहल्ला महावीर नगर गली नंबर आठ में डीएम द्विवेदी परिवार के साथ रहते हैं। विगत 16 अगस्त को उनकी तबीयत खराब हो गई तो वह परिवार के साथ दिल्ली में अपने बेटे हिमांशु के पास चले गए। वहां उनका एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। बुधवार रात बदमाशों ने उनके बंद पड़े मकान के ताले तोड़कर हजारों की नकदी और सोने चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। गुरुवार सुबह क्षेत्रीय से पीड़ित परिजनों को घटना की जानकारी हो सकी। इसके बाद वे दिल्ली से दोपहर बाद घर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही पीड़ित पक्ष से तहरीर ली। पीड़ित की पुत्रवधू नेहा शर्मा का आरोप है कि बदमाश करीब छह लाख रुपये के आभूषण और पांच हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए है।
वहीं थाना लाइनपार के नगला विश्नू गुरु नगर निवासी अतर सिंह पुत्र कालीचरन परिवार के साथ बुधवार रात छत पर सो रहे थे। देर रात बदमाशों ने मकान में धावा बोल दिया। बदमाश हजारों की नकदी और सोने चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी पीड़ित को सुबह हो सकी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही पीड़ित पक्ष से तहरीर लेकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।