फिरोजाबाद में निरीक्षण करते टीम के सदस्य।
- फोटो : फिरोजाबाद में निरीक्षण करते टीम के सदस्य।
फिरोजाबाद। शासन के निर्देश पर राज्य तकनीकी कमेटी के सदस्य ने शहर में राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत बनीं सड़काें गुणवत्ता की जांच की। मुख्य अभियंता पीडब्ल्यूडी आगरा मंडल के नेतृत्व में आई टीम शाम को वापस लौट गई।शासन द्वारा नामित राज्य तकनीकी कमेटी के सदस्यों की टीम सोमवार को फिरोजाबाद आई। मुख्य अभियंता पीडब्ल्यूडी आगरा मंडल सीपी सिंह के निर्देशन में आई टीम ने सोमवार को सीएल जैन कॉलेज से नगला भाऊ तक नाला की पटरी निर्माण, गणेश नगर में निर्मित सड़क एवं हिमांयूपुर क्षेत्र में निर्मित सड़कों की गुणवत्ता जांची। सभी निर्माण कार्य राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एन-कैप) के तहत बीते अक्तूबर-नवंबर माह में पूरे कराए गए थे। कमेटी के साथ मौजूद रहे एक्सईएन निर्माण नगर निगम आशीष शुक्ला के मुताबिक कमेटी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर संतोष जाहिर किया है। कमेटी अपनी रिपोर्ट शासन को देगी। शहर में सड़क मार्ग एवं नाला पटरी का निरीक्षण करने के बाद कमेटी देर शाम लौट गई।
-
निर्माण कार्यदायी संस्था को नोटिस जारी
फिरोजाबाद। स्मार्ट रोड निर्माण की धीमी प्रगति के चलते नगर निगम ने कार्यदायी संस्था मैसर्स प्रीति बिल्डकॉन को नोटिस जारी किया है। नोटिस में कार्यदायी संस्था निर्माण कार्यस्थल पर श्रमिकों की संख्या में बढ़ोत्तरी की हिदायत दी गई है।सीएम ग्रिड योजना के तहत शहर में नालबंदान से रसूलपुर थाना तक करीब 18.6 करोड़ की लागत से 1250 मीटर लंबे स्मार्ट रोड का निर्माण कराया जा रहा है। बीते अक्तूबर माह से शुरू हुए निर्माण कार्य की प्रगति काफी सुस्त है। महापौर कामिनी राठौर एवं नगर आयुक्त ऋषिराज ने शहर के दूसरे स्मार्ट रोड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्य प्रगति सुस्त नजर आई। नगर आयुक्त के निर्देश पर एक्सईएन निर्माण आशीष शुक्ला ने कार्यदायी संस्था मैसर्स प्रीति बिल्डकॉन मेरठ को नोटिस जारी किया है। नोटिस में कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य प्रगति तेज करने को श्रमिकों की संख्या में इजाफे की हिदायत दी है।