उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से फतेहाबाद मेला देखने जा रहे बाइक सवार दोस्तों को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। दोनों दोस्त गुजरात में प्राइवेट काम करते थे।
मडुआ गांव निवासी सत्यप्रकाश (24) अपने दोस्त लखन के साथ बाइक से फतेहाबाद मेला देखने के लिए जा रहे थे। शंकरपुर पुल के पास तेज रफ्चार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में सत्यप्रकाश की मौके पर मौत हो गई। जबकि, उसका दोस्त लखन घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल भेजा। यहां चिकित्सकों ने सत्यप्रकाश की मौत की पुष्टि की। लखन का उपचार चल रहा है।
पुलिस ने मृतक के परिजन को घटना की जानकारी दी। शव को पोस्टमार्टम गृह में रखवाया। परिजन ने पुलिस को बताया की दोनों गुजरात में प्राइवेट काम करते थे और अभी रक्षाबंधन के त्योहार से पहले घर आए थे। मृतक की अभी शादी नहीं हुई थी। थाना प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि कि घटना फतेहाबाद क्षेत्र में हुई है, लेकिन बसई पुलिस शव का पोस्टमार्टम करा रही है।