हादसे के बाद नाले में गिरा लोडर।
- फोटो : हादसे के बाद नाले में गिरा लोडर।
फरिहा (फिरोजाबाद)। तेज रफ्तार पिकअप लोडर ने शुक्रवार को स्कूल से लौट रहीं तीन छात्राओं को कुचल दिया। हादसे के बाद लोडर एक नाले में पलट गया। इसमें एक छात्रा की मौत हो गई जबकि उसकी सगी व चचेरी बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद लोगों ने चालक और परिचालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। मृतका की पहचान पायल उर्फ काजल (10) पुत्री योगेंद्र निवासी अंदपुरा के रूप में हुई है।
प्राथमिक विद्यालय कन्या पाठशाला खिड़की दरवाजा फरिहा की छुट्टी शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे हुई। स्कूल में पढ़ने वाली तीनों बहनें छुट्टी के बाद पैदल घर को जा रही थीं। उसी दौरान अवागढ़ की ओर से तेज रफ्तार आ रही मैक्स लोडर ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में मरने वाली काजल कक्षा चार में पढ़ती थी जबकि घायल हुईं चचेरी बहन मानवी (6) पुत्री देवेंद्र कक्षा एक और सगी बहन शिवांगी कक्षा दो में पढ़ती हैं। हादसे की सूचना पर बीएसए आशीष पांडेय, सीओ जसराना अमरीश कुमार, एसडीएम शिवध्यान पांडेय, जसराना, नारखी, फरिहा और एका थाने की फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने काजल के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया जबकि दोनों घायलों को सरकारी ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया है। पुलिस को आशंका थी कि लोडर के नीचे नाले में कुछ अन्य छात्राएं दबी हो सकती हैं। ऐसे में पुलिसकर्मियों ने नाले में उतरकर करीब 20 मिनट तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया लेकिन कोई नहीं मिला।
लोडर की टक्कर से एक छात्रा की मौत हो गई है और दो घायल हैं। चालक और परिचालक को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर प्राप्त का रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। मृत बालिका के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
-अमरीश कुमार, सीओ जसराना