समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला प्रवक्ता उदयवीर सिंह यादव के नेतृत्व में शनिवार को सपा कार्यकर्ताओं ने लेबर कालोनी स्थित बिजलीघर का घेराव किया। सपाइयों ने रसूलपुर के जेई को निलंबित करने, कोठी नवीगंज में ट्रांसफार्मर रखवाकर आपूर्ति सुचारु करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने कहा कि मोहल्ला कोठी नवी गंज गली नं. 13 पिछले दो माह से अंधकार है। विद्युत विभाग द्वारा आज तक ट्रांसफार्मर लगवाकर आपूर्ति सुचारु न किए जाने से लोगों में आक्रोश है। विभाग द्वारा जेई अखिलेश वर्मा को 250 केवी ट्रांसफार्मर के लिए विद्युत पोल स्थापित कराए गए थे, लेकिन कुछ लोगों के बहकावे में आकर उन्होंने पोल उखड़वा दिए। सपा नेताओं ने जेई अखिलेश वर्मा को तत्काल निलंबित करने, 24 घंटे में 250 केवीए का ट्रांसफार्मर रखकर आपूर्ति सुचारु करने की मांग की। एक्सईएन द्वितीय महेश चंद्रा को ज्ञापन भी सौंपा गया। घेराव करने वालों में राजन यादव, रघुवीर सविता, पप्पू यादव, लटूरी सिंह, शानू, इमरान, रफीक, नदीम, हामिद, जहरी, अखलाक, मुवीन, जाकिर, हनीफ, सनी अख्तर, मो. रिजवान, मो. जाकिर, मो. जमीर, इशरत, लियाकत हुसैन आदि प्रमुख रहे।
बिजली चोरी में आठ पर एफआईआर
फीरोजाबाद। शासन के निर्देश पर जनपद में डोर-टू-डोर कॉम्बिंग अभियान में शनिवार को शहरी क्षेत्र में चले अभियान के दौरान विद्युत टीमों द्वारा 450 विद्युत कनेक्शन जांचे गए। कटिया डालकर विद्युत चोरी करते आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। एक्सईएन केके वर्मा के निर्देशन में रामनगर क्षेत्र में विद्युत टीमों ने कॉम्बिंग के दौरान 101 विद्युत कनेक्शन जांचे। घर में लगे 15 मीटर बाहर लगवाए गए। वहीं बकाए पर सात उपभोक्ताओं के कनेक्शन भी काटे गए। चेकिंग में एसडीओ एसएन सिंह, जेई अजय कुमार, हरीबाबू शर्मा, राकेश कुमार शामिल रहे। इधर, एक्सईएन द्वितीय महेश चंद्रा के निर्देशन में पुरुषोत्तम बिहार फीडर के अंतर्गत 630 केवीए और 400 केवीए के दो ट्रांसफार्मरों को चिह्नित किया गया। टीमों ने सरजीवन नगर, चिश्ती नगर में डोर-टू-डोर कॉम्बिंग के दौरान 351 कनेक्शन चेक किए। बकाए पर 30 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए। 45 मीटर घर से बाहर लगवाए गए। वहीं 20 नए कनेक्शन पर भी मीटर लगे।