विधानसभा चुनाव को देखते हुए सपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सपा जिले भर में सम्मेलन कर संगठन की सक्रियता बढ़ाएगी। सांसद अक्षय यादव ने सयुस के कार्यकर्ता सम्मेलन में विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंका। कार्यकर्ताओं से चुनावी रण में कमर कसने का आह्वान किया।
रविवार को शिकोहाबाद के रामलीला मैदान के सामने समाजवादी युवजन सभा का जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए सांसद अक्षय यादव ने कहा कि कार्यकर्ताओं को चाहिए कि अभी से 2017 के चुनाव की तैयारी में लग जाएं। कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और युवा इसके सारथी बन जाएं तो अद्वितीय होगा। हर मतदाता को प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियां और विकास की बात बताने घर-घर जाएं। सांसद अक्षय ने कहा कि सपा सरकार में फीरोजाबाद में चहुंमुखी विकास हुआ है। जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह यादव ने कहा कि ग्राम पंचायत से लेकर लोकसभा चुनाव तक हर चुनाव में युवा अपनी अहम भूमिका निभाते हैं। प्रोफेसर रामगोपाल यादव और सांसद अक्षय यादव ने विकास की बयार चलाई है उसे ग्रामीण अंचल तक ले जाया जाएगा। विधायक हरिओम यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने फीरोजाबाद के विकास के लिए अपने खजाने का मुंह खोल रखा है। जिलाध्यक्ष डा. दिलीप ने कहा पार्टी में चार फ्रंटल संगठन यूथ हैं। उनमें सबसे बड़ी जिम्मेदारी सपा युवजन सभा की है। इससे पूर्व कार्यकर्ताओं ने 51 किलो की माला पहनाकर सपा सांसद, सिरसागंज विधायक हरिओम यादव, जिलाध्यक्ष दिलीप यादव का स्वागत किया। अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष ने की और संचालन सयुस जिलाध्यक्ष अंशुल विक्रम सिंह ने किया। एमएलसी असीम यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चंद्र चंचल, पूर्व जिलाध्यक्ष रामसेवक यादव, डा. सुकेश यादव, डा. मनोज यादव, उदयवीर सिंह, विजेंद्र सिंह, योगेंद्र सिंह यादव सोनू, रामवीर सिंह यादव, कल्लू गुर्जर आदि थे।