उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में रविवार रात करीब 9.30 बजे छेड़खानी का विरोध करने पर दरोगा पुत्र ने जमकर तांडव काटा। विरोध करने पर किशोरी को पीटा और उसके घर पर पथराव शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम से भी धक्का मुक्की की। पुलिस आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके आगे की कार्रवाई कर रही है।
घटना उत्तर थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले की है। यहां आगरा फायर ब्रिगेड में तैनात दारोगा का पुत्र मोहल्ले की रहने वाली किशोरी से कई दिन से छेड़खानी कर रहा था। किशोरी ने कई बार विरोध किया लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। रविवार रात भी किशोरी से उसने छेड़खानी की। किशोरी के विरोध करने पर आरोपी ने उसे पीटा।
यह भी पढ़ेंः- कोटा-पटना एक्सप्रेस में यात्रियों की तबीयत बिगड़ी: दो की मौत, आठ की हालत नाजुक; मथुरा जा रहा था 90 लोगों का दल
आरोपी युवक ने किशोरी के घर पर पथराव भी किया। इससे भगदड़ मच गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो उनसे भी धक्का-मुक्की की। पुलिस उसे पकड़कर थाने ले गई। इंस्पेक्टर कमलेश कुमार ने बताया कि पीड़िता के पिता ने आरोपी ललित यादव के खिलाफ तहरीर दी है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।