जमात-ए-इस्लामी हिंद ने रविवार को इकरा पब्लिक स्कूल में एक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें शादी विवाह में फिजूलखर्ची रोकने, तीन तलाक सहित विभिन्न मुद्दाें पर चर्चा हुई।
आगरा से आईं मुख्य अतिथि आरफा शम्सी ने कहा कि मुसलमानों को शादी-विवाह में फिजूलखर्ची से बचना चाहिए, जिससे समाज में शादियां आसानी से हो सकें। उन्हाेंने तलाक का सही इस्लामी तरीका बताते हुए कहा कि जब पति-पत्नी में मनमुटाव हो जाए तो दोनों के घर वालों का आपस में बैठकर पति-पत्नी के बीच सुलह कराने की कोशिश करनी चाहिए। जब दोनों में किसी तरह बात न बने तो शौहर को केवल एक तलाक ही देना चाहिए।
ऐसा करने से जब कभी दोनों के बीच की गलत फहमियां दूर हो जाएं तो दोनों के पुन: मिलाप का मौका रहता है। उन्होंने कहा कि एक साथ तीन तलाक देने वालों का सामाजिक बहिष्कार करना चाहिए। रूही अली साहिबा ने कहा कि मुसलमानों को अपनी जाति के मामलात कुरान और शरीयत की रोशनी में हल करने चाहिए।
सुगरा बेगम इंटर कालेज की प्रधानाध्यापिका शमशाद बानो ने कहा कि मुसलमानों को कुरान पर अमल करना चाहिए। अंत में नगर अध्यक्ष सलीम सिद्दीकी ने आभार प्रकट किया।