बस स्टैंड पर कचौड़ी की दुकान पर सोशल डिस्टेंस की धज्जियां उड़ाने पर खाद्य विभाग ने कार्रवाई की।
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। बृहस्पतिवार को आरएम इटावा द्वारा फिरोजाबाद रोडवेज बस स्टैंड का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड परिसर में संतोषजनक सफाई न मिलने पर नाराजगी जाहिर करते हुए एआरएम शिकोहाबाद को बस स्टैंड परिसर में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। बस स्टैंड परिसर में बने शौचालयों का निरीक्षण भी किया। यहां पर भी सफाई व्यवस्था संतोषजनक न मिलने के साथ ही रेट लिस्ट का बोर्ड न लगे होने पर उन्होंने ठेकेदार पर दो हजार रुपये का जुर्माना लगाते हुए नेडा को कार्रवाई करने के लिए पत्र लिखने की बात कही।
इसके साथ ही कोरोना संक्रमण को देखते हुए यात्रियों को संक्रमण से बचाने के लिए बस स्टैंड परिसर में पैर से संचालित होने वाली सैनिटाइज मशीन लगाने को कहा। जिससे बस स्टैंड पहुंचने वाले यात्री अपने हाथों को सैनिटाइज कर कोरोना संक्रमण से बचाव कर सकें। बस स्टैंड के प्रवेश गेट पर त्रिपाल डालकर संचालित की जा रही कैंटीन को वहां से हटाकर बस स्टैंड परिसर में बनी दुकानों में कैंटीन संचालन करने के निर्देश दिए। वहीं साफ सफाई न मिलने पर कैंटीन ठेकेदार पर दो हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। आरएम इटावा दीपक चौहान ने एआरएम शिकोहाबाद राघवेंद्र कुमार को निर्देश दिए कि बस स्टैंड परिसर को साफ सुथरा रखने के साथ ही गमलों में पौधे रोपे जाए। जिससे बस स्टैंड के वातावरण में परिवर्तन लाने के साथ ही सुंदर बनाया जा सके। निरीक्षण के दौरान स्थानीय स्टाफ भी आरएम इटावा के साथ मौजूद था।