सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत मंगलवार को वाहन चालकों के साथ यात्रियों को जागरूक किया गया। छात्र छात्राओं द्वारा पैम्फ्लेट का वितरण किया गया। वहीं परिवहन विभाग के अधिकारियों ने लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी।
परिवहन विभाग द्वारा उसायनी, सुभाष तिराहा, जिला मुख्यालय, शिकोहाबाद, सिरसागंज क्षेत्र में जगह-जगह शिविर लगाकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की पहल की। जिला मुख्यालय पर शिविर के दौरान एआरटीओ राम सिंह यादव ने चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का प्रयोग करने के लिए जागरूक किया। सीट बेल्ट के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं शिकोहाबाद और सिरसागंज क्षेत्र में आयोजित शिविर के दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं के माध्यम से बाइक सवार और राहगीरों को पैम्फ्लेट का वितरण कराया। राहगीरों को यातायात नियमों को समझाने के साथ उनका पालन करने को कहा। परिवहन अधिकारी ने बताया यदि राहगीर और वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें तो हादसों में कमी आएगी।