कश्मीरी गेट स्थित एक जल संयोजन से निकला सांप का बच्चा पानी में पडा हुआ
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। मुस्लिम बहुल क्षेत्र के मोहल्ला कश्मीरीगेट क्षेत्र में 15 दिन पूर्व गंगा जल की सप्लाई पहुंचाने का काम जल निगम द्वारा किया गया है। बृहस्पतिवार दोपहर क्षेत्र में गंगा जल की सप्लाई पहुंची। लोगों ने मोटर आदि चलाकर पानी भरना शुरू कर दिया। इस बीच गली नंबर 16 निवासी शमीम बानो के घर पानी की सप्लाई के साथ ही पाइप लाइन से करीब छह इंच लंबा सांप का बच्चा निकल आया। बाल्टी में सांप को देख शमीम बानो के परिवारीजनों की चीख निकल गई। इस बीच काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए।
क्षेत्रीय पार्षद मोहम्मद इरशाद भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सांप को देखने के साथ ही जल निगम और नगर निगम के अधिकारियों को सूचना दी। सूचना पर जल निगम और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने मौके का निरीक्षण करने के साथ ही लाइन को चेक किया। लेकिन लाइन में कहीं पर लीकेज नहीं मिला। तब कहीं जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। क्षेत्रीय पार्षद मोहम्मद इरशाद का कहना है कि लोगों ने क्षेत्र में पड़ी जेड़ाझाल की पाइप लाइन में कनेक्शन करा लिए है। जो खुले पड़े हुए हैं। खुले कनेक्शन के कारण सांप का बच्चा पाइप लाइन में पहुंचा था। खुले कनेक्शनों को बंद कराने के लिए कई बार जल निगम के अधिकारियों से कहा गया है।
पाइप लाइन में सांप का बच्चा कैसे पहुंचा। इसकी जांच कराई जा रही है। क्षेत्र में खुले कनेक्शनों की संख्या काफी है। हो सकता है कि खुले कनेक्शन से सांप पाइप लाइन में पहुंच गया हो। टीम को मौके पर भेजा गया है।
ओमवीर दीक्षित, एक्सईएन जल निगम