जसराना। 22 जून को तहसीलदार को किसान द्वारा थप्पड़ मारने के मामले में एसडीएम की संस्तुति पर तहसीलदार की सुरक्षा में तैनात दोनों होमगार्ड को निलंबित कर दिया गया है।22 जून को जमीन के विवाद के मामले में तहसीलदार लालता प्रसाद नगला तुर्सी सलेमपुर गए थे। इसी दौरान उनका वीरेश्वर एवं धर्मेंद्र के साथ विवाद हो गया। विवाद के दौरान तहसीलदार ने थप्पड़ मारने का प्रयास किया तो किसान ने तहसीलदार को उल्टा थप्पड़ जड़ दिया। मामले में कार्रवाई करते हुए एसडीएम ने दोनों को जेल भेज दिया था। घटना के समय तहसीलदार की सुरक्षा में सुरेश चंद्र एवं विजन सिंह होमगार्ड तैनात थे। जिस समय किसान द्वारा तहसीलदार को थप्पड़ मारा गया। उस समय होमगार्ड ने कोई विरोध नहीं किया।
तहसीलदार ने पूरे मामले की जानकारी एसडीएम को दी। एसडीएम ने दोनों होमगार्ड को निलंबित करने संस्तुति कर दी। एसडीएम की संस्तुति पर जिला कमांडेट विनोद झा ने दोनों होमगार्ड को निलंबित कर जांच करने की बात कही है। जानकारी देते हुए कंपनी कमांडर विजयवीर सिंह ने बताया कि सुरेश चंद्र एवं विजन सिंह 22 जून को तहसीलदार की सुरक्षा में तैनात थे। तहसीलदार के साथ घटना घटित होने के दौरान दोनों होमगार्ड पर अपने कर्तव्य का पालन नहीं करने का आरोप है। जिला कमांडेट ने दोनों को निलंबित कर जांच बैठा दी है।
दरोगा की भी हुई थी संस्तुति, लेकिन नहीं हुई कार्रवाई
तहसीलदार के साथ जिस समय घटना हुई उस समय दरोगा भी साथ थे। विभागीय रिपोर्ट में एसडीएम ने दरोगा पर भी कार्रवाई के लिए लिखा था। लेकिन दरोगा पर किसी भी तरह की कार्रवाई नहीं की गई। बल्कि होमगार्ड पर ही पूरा ठींकरा फोड़ दिया गया।