लाइन पार क्षेत्र में कंबल बेचने के नाम पर ठगी करने वाले दो ठगों ने एक महिला को पांच हजार रुपये का चूना लगा दिया। एक अन्य गांव में महिलाओं से ठगी करने के दौरान ग्रामीणों ने दोनों को दबोच लिया और जमकर पीटा। बाद में, दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
थाना क्षेत्र के गांव नगला केशों में गत गुरुवार को एक कंबल बेचने वाला आया। कंबल अच्छा लगने पर एक महिला उससे मोलभाव करने लगा। बाद में, सभी महिलाओं के जाने के बाद कंबल विक्रे ता ने साढ़े सात हजार रुपये में कंबल का पूरा गट्ठर राजपथ देवी पत्नी मूलचंद्र को बेचने की बात कही। गट्ठर में बीस कंबल थे। तभी नमक की फेरी लगाने वाला एक युवक मौके पर पहुंच गया। उसने महिला से अच्छे कंबल होने की बात कही। साथ ही उसने आए दिन फेरी लगाने की बात कहते हुए ढाई हजार स्वयं निकालकर दे दिए। इस पर महिला मान गई और उसने साढ़े सात हजार रुपये में कंबल का गट्ठर खरीदा लिया।
फेरी वालों के जाने के बाद महिला ने घर जाकर कंबल का गट्ठर खोलकर देखा तो उसमें मात्र छह कंबल थे। वहीं सभी फटे और खराब थे। वहीं शनिवार दोपहर गांव नगला सोना में ठीक इसी प्रकार दोनों युवक ठगी करने पहुंच गए। तभी एक महिला ने गट्ठर खोलकर देखा तो उसने शोर मचा दिया। शोरशराबे की आवाज सुनकर मौके पर ग्रामीण एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने दोनों को दबोच लिया और जमकर पीटा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को दोनों ने अपने नाम सनी और संजू निवासी मुजफ्फरनगर हाल निवासी फीरोजाबाद बताया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया है।