जिला कारागार में भाइयों के तिलक करती बहनें। स्रोत जेल प्रशासन
- फोटो : जिला कारागार में भाइयों के तिलक करती बहनें। स्रोत जेल प्रशासन
फिरोजाबाद। भाई बहन के प्रेम के प्रतीक भाई दूज के मौके पर जिला कारागार में बंद भाइयों के तिलक करने को काफी संख्या में बहनें पहुंची। जेल प्रशासन की मानें तो कारागार में 1492 बहनों की मुलाकात कराई गई। उनके साथ 726 बच्चे भी पहुंचे थे।
जिला कारागार प्रशासन ने जेल अधीक्षक अमित चौधरी के निर्देशन में भाई दूज के मौके पर बंदियों के तिलक करने की व्यवस्था पहले से कर ली थी। सुबह आठ बजे से बहनों के आने का क्रम प्रारंभ हो गया था। बहनों को कोई दिक्कत नहीं होने पाए इसके कारण बैरिकैडिंग की गई थी। हेल्प डेस्क बनाई गई थी। जो बहनें सामान लेकर आई थी उसे बाहर ही रखवा लिया गया था। पीने के पानी की व्यवस्था के साथ मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था की थी। सुरक्षा के लिहाज से महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया था। जेल के अंदर पहुंचने पर भाई को देखकर कई बहनें तो भावुक होकर गले से लिपटकर रोने लगीं। भाइयों ने ढांढस बंधाने के साथ शीघ्र जेल से बाहर आने का भरोसा दिया। इसके बाद परिजनों एवं रिश्तेदारों का हाल जाना। तिलक किया। जेल अधीक्षक अमित चौधरी ने बताया कि कुल 1492 बहनों के साथ 726 बच्चों को प्रवेश दिया गया। संवाद