शिकोहाबाद। थाना क्षेत्र में एक युवती की संदिग्ध परिस्थतियों में मौत हो गई। परिजन ने उसके शव का अंधेरे में ही अंतिम संस्कार कर दिया। ग्रामीणों की शिकायत के बाद मामला गरमा गया। अब गांव में झूठी शान के लिए बेटी की हत्या किए जाने की चर्चाएं जोरों पर हैं। पुलिस ने इस मामले में मृत युवती के भाई, मां-बाप, भाभी एवं प्रेमी के माता-पिता को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव में गत 31 मई की रात एक 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थतियों में मृत्यु हो गई थी। उसके शव को परिजन ने रात के अंधेरे में ही गुपचुप तरीके से अंतिम संस्कार कर दिया था। ग्रामीणों ने उसी दौरान पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी थी, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची थी। ग्रामीणों ने इसे झूठी शान के लिए हत्या करने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस भी हरकत में आ गई। पुलिस ने शुक्रवार को युवती के भाई को हिरासत में ले लिया। शनिवार को उसकी मां, बहन, गर्भवती भाभी एवं मृत युवती के प्रेमी के माता-पिता को भी पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। जिनसे पूछताछ शुरू कर दी।
ग्रामीणों के अनुसार तो युवती बहुत जिद्दी थी। वह अपने प्रेमी के साथ शादी करने की जिद पर अड़ी हुई थी। कई बार ऐसा भी हुआ, जब वह अपने भाई से ताल ठोंककर छत पर लड़ती हुई देखी गई। उसे जेल भिजवाने की धमकी भी देती थी। वह कई बार अपने प्रेमी के साथ घर से जा चुकी थी। जिससे परिजन बहुत परेशान थे। पकड़े गए सभी लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है। इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह का कहना है इस मामले का जल्द ही खुलासा करेंगे। अभी सभी से पूछताछ की जा रही है।