शस्त्र लाइसेंस के नवीनीकरण एवं नए जारी होने से पूर्व पुलिस लाइन में अब आवेदक को टेस्ट देना होगा। पुलिस व प्रशासन द्वारा बंदूक, पिस्टल व कारतूस भी खरीदे जा रहे हैं।
शासन की सचिव मिनिस्तीएस ने प्रदेश के सभी डीएम को जारी किए आदेश में कहा कि शस्त्र लाइसेंस के नवीनीकरण कराने व नए शस्त्र लाइसेंस जारी करने से पूर्व टेस्ट (शस्त्र चलाकर) दिखाना होगा। पुलिस एवं प्रशासन के अफसरों को संयुक्त रूप से इसके इंतजाम करने होंगे। शासन के निर्देश के बाद एसपी पीयूष कुमार श्रीवास्तव ने शस्त्र चलाने के लिए स्थल चयन कर (पुलिस लाइन प्रांगण) भेजा है। सूत्रों की मानें तो प्रशासन के पास 12 बोर की बंदूक एवं पिस्टल का लाइसेंस तो पहले से बना हुआ है। टेस्ट में प्रयोग होने वाले कारतूस शीघ्र ही खरीदे जाएंगे। सीओ लाइन की अध्यक्षता में एक टीम का गठन कर दिया है। इसमें आरआई के साथ अन्य लोग शामिल होंगे। इनके प्रमाणपत्र के बाद शस्त्र लाइसेंस के नवीनीकरण की प्रक्रिया प्रारंभ होगी। नए शस्त्र लाइसेंस जारी करने वाले आवेदक को पांच सौ रुपया, नवीनीकरण कराने वालों को तीन सौ रुपया टेस्ट की फीस देनी होगी। इसकी रसीद विभाग की ओर से जारी की जाएगी।
महिलाओं, बुजुर्गों के लाइसेंस हो जाएंगे निरस्त
महिला एवं बुजुर्ग शस्त्र लाइसेंस धारकों को नवीनीकरण कराने के दौरान काफी दिक्कत होगी। क्योंकि उनसे सीधे फायरिंग नहीं हो सकेगी। अधिकांश महिला शस्त्र लाइसेंस धारक फायरिंग करना ही नहीं जानती हैं। कइयों के पति की मौत होने के कारण महिलाओं के नाम शस्त्र लाइसेंस आ गए हैं।
शस्त्र लाइसेंस धारकों को नए लाइसेंस जारी करने से पूर्व एवं नवीनीकरण कराने के दौरान टेस्ट देना होगा। पुलिस लाइन में स्थान तय हो गया। बंदूक एवं पिस्टल, कारतूसों को शीघ्र खरीदा जाएगा।
कर्मेंद्र सिंह, एडीएम एवं प्रभारी आयुध फीरोजाबाद।