सरस्वती नगर में ठेकेदार द्वारा मुख्य मार्ग पर सीसी रोड पर ही इंटरलॉकिंग बिछाई जा रही थी। वहीं इंटरलॉकिंग के नीचे आधार में मात्र बालू बिछाई जा रही थी। घटिया निर्माण पर क्षेत्रीय बाशिंदों ने हंगामा करते हुए काम कर रहे श्रमिकों को भगा दिया। मामले में लोगों ने घटिया निर्माण कार्य की शिकायत अधिकारियों से की गई है।
नगर निगम द्वारा चहेते ठेकेदारों को मनमाने रूप से करोड़ों रुपये के टेंडर उठा दिए गए हैं। अफसरों की अनदेखी के चलते ठेकेदार निर्माण कार्यों में हद दर्जे की लापरवाही बरत रहे हैं। नगर निगम द्वारा विगत वर्ष जलेसर रोड का निर्माण कराया गया था। इससे लिंक गलियों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई थी। समस्या के निदान के लिए नगर निगम द्वारा सरस्वती नगर गली नं. दो में इंटरलॉकिंग सड़क और नाली निर्माण का टेंडर जारी किया गया। हालांकिे यहां ठेकेदार मानकों को ताक पर रखकर निर्माण कार्य करा रहा है। सरस्वती नगर का मुख्य मार्ग सीसी रोड से बना हुआ है। ठेकेदार द्वारा सड़क की खोदाई कराए बिना ही उस पर मात्र बालू के बेस पर ही इंटरलॉकिंग सड़क बनाई जा रही है। शनिवार को क्षेत्रीय लोगों ने विरोध करते हुए श्रमिकों को भगा दिया। बाद में, लोगों ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर कहा कि ठेकेदार द्वारा सड़क को दो फुट ऊंचा कर दिया गया है। ऐसे में मोहल्ले में जलभराव की स्थिति बन जाएगी। ज्ञापन देने वालों में ज्ञानप्रकाश श्रीवास्तव, अनूप अग्रवाल, शिवम अग्रवाल, लज्जाराम शर्मा, संजीव गुप्ता, योगेंद्र राजौरिया, दिनेशचंद्र, पंकज श्रीवास्तव, अरुण शर्मा, अजय, प्रवीन गुप्ता आदि प्रमुख रहे।