तीर से चुभ रही बर्फीली हवाआें ने गलन बढ़ा दी, वहीं पारा एकाएक लुढ़क कर 4.6 डिग्री पर आ गया। शनिवार को न्यूनतम तापमान में सात डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री पर था, लेकिन शनिवार को यह 4.6 डिग्री पर आ गया, जो सामान्य से 3 डिग्री नीचे है।
शनिवार सुबह भी कोहरा छाया रहा। दिन में पारा 16.1 डिग्री पर रहा, जो सामान्य से 6 डिग्री नीचे है। तीन दिनों से जारी सर्दी के सितम के चलते शनिवार को स्कूलों में कम बच्चे पहुंचे। छोटी कक्षाओं में जल्दी छुट्टी होने के कारण कई अभिभावकों ने बच्चों को स्कूल नहीं भेजा। दोपहर में कुछ देर धूप खिली, लेकिन सर्द हवाओं के कारण बेअसर साबित हुई। लोगों को शनिवार को गलन महसूस हुई।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक रविवार को भी सुबह कोहरा छाया रहेगा, वहीं दिन में पारा एक से दो डिग्री तक बढ़ सकता है, लेकिन न्यूनतम तापमान अभी कम रहेगा। रात में पारा सामान्य से कम ही रहेगा। दूसरी तरफ सर्द हवाओं के कारण दिन में अलाव जलाकर लोग तापते रहे। बुजुर्ग रजाई में छुपे रहे। सर्दी बढ़ने से शाम को बाजार समय से पहले ही बंद हो गए। हाईवे के किनारे वाहन पूरी तरह से रेंगते दिखाई दिए। गरीब बेसहारा लोगों ने नगर निगम के रैन बसेरों में शरण ली। किसानों को घने कोहरे के कारण आलू में झुलसा रोग के बढ़ने की चिंता सता रही है। हालांकि सर्दी बढ़ने से गेहूं के साथ रबी की अन्य फसलों को लाभ होगा।
सर्दी बढ़ने से चमका गरम कपड़ों का बाजार
सर्दी बढ़ने के साथ ही गरम कपड़ों का बाजार भी चमक उठा। बाजार में स्वेटर, जैकिट के साथ मफलर, गरम इनर की डिमांड बढ़ गई। रामलीला में सजे तिब्बत बाजार में भी खरीदारी की भीड़ पहुंच रही है।