शिकोहाबाद-एटा फोरलेन निर्माण पर जिले की सीमा तक 327 करोड़ रुपया खर्च
होगा। पीडब्ल्यूडी विभाग ने जिले की सीमा में बनने वाले मार्ग का प्रस्ताव
तैयार किया है। एसई की हरी झंडी मिलने के बाद प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।
जसराना कसबा से बाईपास भी निकाला जाएगा। भूमि की मुआवजा राशि अलग होगी।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जिला मुख्यालयों को सीधे हाइवे से जोड़ने
की घोषणा अपने बजट में की थी। जिले के शिकोहाबाद से एटा तक 52 किलोमीटर
लंबा फोरलेन का निर्माण कराने का निर्णय लिया। इससे एटा जिला सीधे फोरलेन
से जुड़ेगा साथ शिकोहाबाद व एटा के मध्य का सफर 40 से 45 मिनट में तय होगा।
पीडब्ल्यूडी एक्शईएन केसी यादव ने कहा फीरोजाबाद जिले की सीमा में पड़ने
वाले 33.33 किलोमीटर लंबाई का प्रस्ताव बनाया गया है। इसमें 327 करोड़
रुपया खर्च होगा। उन्होंने कहा कि पांच पुलों का निर्माण होगा।
15 आरसीसी
पुलिया, 14 पाइपों से बनने वाली पुलिया व आधा दर्जन पुरानी टाइप की पुलिया
निर्माण का प्रस्ताव रखा है। जसराना में बाईपास बायीं दिशा (लैफ्ट) की ओर
से बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस धनराशि में भूमि अधिग्रहण आदि की
धनराशि शामिल नहीं की है। करीब 20 किमी की लंबाई का प्रस्ताव एटा
पीडब्ल्यूडी की ओर से बनाया जाएगा। पीडब्ल्यूडी विभाग के अधीक्षण अभियंता
एसके अग्रवाल के निर्देशन में पूरा प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। उन्होंने
कहा कि फोरलेन के निर्माण में करीब सात से आठ अरब तक रुपया खर्च होगा।