फिरोजाबाद। कोरोना संक्रमण सर्वाधिक युवाओं और बच्चों को अपनी चपेट में ले रहा है। शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के कुल पांच नए मामले सुहागनगरी में मिले। पांचों मामले नेहरू नगर गली नंबर दो में पाए गए हैं। अब कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 3939 हो गई है। जनपद में सक्रिय केस 53 हैं।
बीते बृहस्पतिवार को नेहरू नगर में कोरोना संक्रमण के मामले निकलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सर्विलांस कराकर कोरोना जांच शिविर लगवाया। इसमें नेहरू नगर गली नंबर दो में 12 वर्षीय बालक, 14 वर्षीय बालिका, 15 वर्षीय बालक, 22 वर्षीय युवक वहीं एक अन्य कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
बाहर से आने वालों पर स्वास्थ्य विभाग की निगरानी
फिरोजाबाद। कोरोना के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ने पर स्वास्थ्य विभाग ने टीमों को फिर से अलर्ट रहने के लिए कहा है। केरल, महाराष्ट्र और दिल्ली से आने वाले लोगों की निगरानी शुरू कर दी है। यदि कोई इन क्षेत्रों से आता है तो उसकी कोरोना जांच कराई जाएगी। आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को अलर्ट के आदेश सीएमओ ने जारी किए हैं। आगामी दो, चार दिन कोरोना मरीजों की संख्या देखकर कोविड के एल वन अस्पताल को खोलने पर विचार किया जाएगा।
चार दिन ने तोड़ा जनवरी माह का रिकार्ड
फिरोजाबाद। कोरोना संक्रमण ने पूरे जनवरी माह का रिकार्ड फरवरी माह के चार दिन में ही तोड़ दिया है। आंकड़ों पर नजर डाले तो जनवरी माह में 42 केस मिले थे। फरवरी के बीते चार दिन में कोरोना केस 45 हो गए हैं।