फिरोजाबाद। बकाया बिल जमा कराने के लिए विद्युत विभाग गांव-गांव मुनादी कराएगा। इसके लिए विद्युत विभाग ने संविदा कर्मचारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। संविदा कर्मचारियों को हर रोज पांच-पांच बिल जमा कराने की जिम्मेदारी सौंपी है, जो संविदा कर्मचारी रोजाना पांच-पांच बिल जमा नहीं कराएगा। उसकी सेवा समाप्त करने का अधिकार भी अवर अभियंताओं के पास होगा।
निर्देश के बाद संविदा कर्मचारी बकाएदारों के यहां दस्तक देने के साथ ही बिल जमा कराने के लिए दवाब बना रहे है। राजस्व वसूली के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों ने संविदा कर्मचारियों को ऐसे उपभोक्ताओं की सूची भी थमा दी है, जिन पर दस हजार से अधिक का बकाया है। एसडीओ धर्मेंद्र राजपूत ने बताया कि राजस्व वसूली में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
एक लाख से अधिक के बकाएदारों पर कसा जाएगा शिकंजा
विभागीय अधिकारियों के अनुसार एक लाख से अधिक के बकाएदारों पर शिकंजा कसा जाएगा। या तो वह अपना बिल जमा करा दें, अन्यथा विद्युत विभाग द्वारा उनके कनेक्शन को काट दिया जाएगा। इसके लिए एमडी द्वारा स्थानीय अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी कर दिए गए है। जिले में सौ से अधिक ऐसे बकाएदार है, जिन पर एक-एक लाख से अधिक का विद्युत विभाग का बकाया है।
अभियान चलाकर जमा कराए गए बिल
गांधी पार्क विद्युत उप केंद्र पर तैनात अवर अभियंता देवेंद्र कुमार ने बताया कि उनके द्वारा अभियान चलाकर दस किलोवाट के पांच उपभोक्ताओं के साथ पांच से नौ किलोवाट के 12 उपभोक्ताओं से बिल जमा कराए गए।