नव वर्ष की पूर्व संध्या पर बसस्टेंड और रेलवे स्टेशन के साथ ही होटल और मॉल पर चेकिंग करती बम निरोधक
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। नव वर्ष-2021 के स्वागत के साथ ही बाजारों में पुलिस फोर्स सक्रिय रहा। पुलिस ने होटलों, ढाबों के साथ ही प्रमुख धर्मशालाओं में चेकिंग अभियान चलाया। एसपी सिटी मुकेश चंद्र मिश्र के निर्देशन में शहर के होटलों में पुलिस टीम चेकिंग करती दिखाई दी।
नववर्ष 2021 के स्वागत के साथ अति उत्साह में बाइकों पर फर्राटा भरने एवं फायरिंग करने के साथ भीड़ एकत्रित करने वालों पर एसएसपी अजय कुमार पांडेय ने सख्ती बरतने के निर्देश दिए थे। बृहस्पतिवार को दिन से ही पुलिस की टीमें सक्रिय रहीं। हाईवे के किनारे स्थित होटल ढाबों पर चेकिंग के साथ ही शाम को शहर के अंदर के होटलों पर चेकिंग की। इस दौरान होटल संचालकों को हिदायत दी कि कोई हंगामा नहीं होना चाहिए। यदि कहीं हंगामा की सूचना मिली तो संबंधित होटल संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसपी सिटी मुकेश चंद्र मिश्र के निर्देशन में सीओ सिटी हरिमोहन सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक उत्तर अनूप कुमार भारतीय, दक्षिण सुशांत गौर,र सूलपुर फतेह बहादुर सिंह भदौरिया एवं रामगढ़ अनूप कुमार भारतीय टीम के साथ बाजारों में फोर्स के साथ भ्रमण करते दिखाई दिए। बाइकों पर तीन सवारी घूमने वालों को चेतावनी दी। एसपी देहात राजेश कुमार के निर्देशन में शिकोहाबाद ,सिरसागंज के साथ जसराना क्षेत्र में पुलिस फोर्स सक्रिय दिखाई दिया। टीमें बाजार में गश्त करती दिखाई दीं।