फिरोजाबाद। शिक्षकों की समस्याओं एवं लंबित एनपीएस एवं एरियर को लेकर शिक्षक बृहस्पतिवार को मुखर दिखे। जिला विद्यालय निरीक्षक पर प्रदर्शन कर शिक्षकों ने हुंकार भरी। माध्यमिक शिक्षक संघ एकजुट का प्रतिनिधि मंडल जिला विद्यालय निरीक्षक से मिला। शिक्षकों ने इस अवसर पर एनपीएस एरियर का नियोक्ता अंशदान, ब्याज धनराशि ग्रांट का अभिदाता अंशदान को शिक्षकों के खाते में तत्काल हस्तांतरण करने की मांग करते हुए कहा कि इस पर विभाग की उदासीनयता निंदनीय है।
जिला विद्यालय निरीक्षक निशा अस्थाना ने शिक्षकों से कहा कि वित्तीय कार्य देख रहीं लिपिक के हादसे में घायल होने के चलते कुछ कार्य लंबित है। मार्च के वेतन आहरण के बाद सभी समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। इस अवसर पर शिक्षकों ने नारेबाजी भी की। प्रतिनिधि मंडल में शिक्षक संघ एकजुट जिलाध्यक्ष डॉ. बीएन सिंह, मंत्री संजय सिंह, साहब राम, राजू सिंह कुशवाहा, भूमिराज सिंह, शैलेंद्र सिंह, अटेवा अध्यक्ष धर्मेंद्र कृष्णज, गौरीशंकर बिंद, वीरेंद्र सिंह वर्मा, कमलेश चंद्र शर्मा, गुरु प्रसाद पटेल आदि उपस्थित थे।