पार्किंग शुल्क के नाम पर हो रही वसूली की शिकायत करते भाकियू नेता एवं ऑटो चालक। स्रोत संवाद
- फोटो : पार्किंग शुल्क के नाम पर हो रही वसूली की शिकायत करते भाकियू नेता एवं ऑटो चालक। स्रोत संवाद
टूंडला। ऑटो चालकों से वसूली पर रोक लगाने के एसडीएम के आदेशों को पार्किंग ठेकेदार ने दरकिनार कर दिया। आदेशों के बावजूद ऑटो चालकों से वसूली जारी रही। इसके चलते शनिवार को भाकियू नेताओं ने एसडीएम से शिकायत की। एसडीएम के आदेश के बाद हरकत में आई पुलिस ने पर्ची काट रहे एक युवक को हिरासत में ले लिया है।
सुभाष चौराहे पर ऑटो चालकों से ठेका पार्किंग वसूली को लेकर चालकों ने भाकियू (भानु) के जिला प्रभारी शीलू सिकरवार के नेतृत्व में शुक्रवार को तहसील प्रांगण में धरना दिया था। एसडीएम अंकित वर्मा ने पालिका प्रशासन को पार्किंग ठेका के नाम पर ऑटो चालकों से वसूली न कराए जाने के लिए निर्देश दिए थे। बावजूद इसके शनिवार को ऑटो चालकों से वसूली जारी रही। इससे आक्रोशित होकर किसान नेताओं एवं ऑटो चालकों ने एसडीएम से पुनः मामले की शिकायत की। साथ ही चेतावनी दी कि अगर पार्किंग शुल्क के नाम पर चल रहे वसूली के खेल को बंद नहीं किया गया, तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। शिकायत करने पहुंचे लोग अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की जिद पर अड़ गए। एसडीएम ने वसूली रोकने का आश्वासन दिया। इस मौके पर बीडीओ प्रभात रंजन, ईओ आशुतोष त्रिपाठी के साथ अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।