560 इंटर कॉलेजों का लेखा-जोखा अब वेबसाइट पर होगा
- यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर ही कॉलेजों का बनेगा वेबपेज, दर्ज करनी होगी सूचना
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। जिले के माध्यमिक शिक्षा विभाग ने इंटर कॉलेजों को अपनी सूचनाएं वेबसाइट पर देने के निर्देश दिए हैं। इसमें स्कूलों के संसाधनों के साथ ही हर कक्षा का हाल और बच्चों का ब्योरा रहेगा। यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर ही कॉलेज का वेबपेज बनने से सीधे बोर्ड को कॉलेज की सभी जानकारी उपलब्ध रहेगी। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने एक सप्ताह का समय दिया है।
जिले के राजकीय, सहायता प्राप्त और वित्तविहीन माध्यमिक स्कूलों का लेखा-जोखा अब यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर देना होगा। सूचनाओं से संबंधित वेबपेज बोर्ड की वेबसाइट पर तैयार कराया जा रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने प्रधानाचार्यों को स्कूल की फोटो, महत्वपूर्ण उपलब्धियां बोर्ड की वेबसाइट पर स्कूल के पोर्टल पर 25 मई तक अपलोड करवाने के निर्देश दिए हैं।
छात्रों का होगा अपना ईमेल
इंटर कॉलेजों की वेबसाइट तैयार कराने के साथ ही हर छात्र का ईमेल भी अब बनेगा। इससे वह सीधे यूपी बोर्ड से जुड़ जाएंगे। जिससे उन्हें बोर्ड के नियमों और पढ़ाई से जुड़ी अन्य जानकारी भी मिलती रहेगी। विभाग की मानें तो इससे छात्रों को आगे की पढ़ाई और नौकरी आदि के लिए आवेदन में भी ईमेल का प्रयोग हो सकेगा। छात्र कई तरह की जानकारी अपने ईमेल पर सुरक्षित भी रख सकेंगे, जो उनके लिए भविष्य में लाभप्रद रहेगा।
सभी कॉलेजों को वेबसाइट पर पूरी सूचनाएं देनी हैं। इसके लिए बोर्ड की वेबसाइट पर पेज तैयार कर सूचनाएं देने के निर्देश दिए गए हैं।
- बालमुकुंद प्रसाद, डीआईओएस