फिरोजाबाद। यूपी ट्रेड फेयर 2025 और ईपीसीएच मेला से प्राप्त 400 करोड़ रुपये के ऑर्डरों की सैंपलिंग शहर की कांच इकाइयों में जोरों पर है। निर्यातकों को दिसंबर से पहले यूरोपीय देशों में सप्लाई पूरी करनी है। वर्तमान में होम डेकोर व किचन वेयर के सैंपल तैयार कर लैब टेस्ट के लिए भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट मिलने पर उत्पादन शुरू होगा।
सितंबर-अक्तूबर में आयोजित दोनों मेलों में फिरोजाबाद के 69 कांच हस्तशिल्प निर्यातकों ने भाग लिया था। इनसे फ्रांस, जर्मनी, नीदरलैंड, जापान, इटली, ऑस्ट्रिया, बेलारूस व इंग्लैंड सहित घरेलू व यूरोपीय ग्राहकों के 400 करोड़ के ऑर्डर हासिल हुए। चुनिंदा आइटमों के नमूने ग्राहकों को भेजे जा रहे हैं।
विदेशी ग्राहकों ने मुख्य रूप से होम डेकोर आइटम जैसे मोजेक कला व स्क्रीन पेंटिंग वाले कांच की मटकी, फ्लॉवर पॉट, हैंगिंग बॉल व क्रिसमस ट्री सजावट पर रुचि दिखाई। घरेलू बाजार से चम्मच, फ्राई पैन व ब्रास तली वाले डोंगा जैसे किचन वेयर की मांग है।