कानपुर के पथरायां में हाल ही में हुए रेल हादसे के बाद भी रेलवे अपने ट्रैक सुरक्षित नहीं कर पाई है। मंगलवार तड़के कानपुर-दिल्ली रेलखंड पर बड़ी अनहोनी टल गई। इटावा और बरहन स्टेशन के पास कई ट्रेनें टूटी पटरी से गुजरती रहीं। रेल अधिकारियों को जब जानकारी हुई तो ट्रेनों को रोककर ट्रैक ठीक कराया गया। करीब एक घंटे तक दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर ट्रेनों को पिछले स्टेशन पर रोके रखा।
इटावा के साम्हो रेलवे स्टेशन के समीप डाउन लाइन की रेल पटरी टूटने की जानकारी अधिकारियों को सुबह पांच बजकर 45 मिनट पर हुई। आनन-फानन में ट्रैक ठीक करने को टीम को मौके पर भेजा गया। सुबह छह बजकर 50 मिनट पर टूटी पटरियों को ठीक किया गया। तब जाकर यातायात सुचारू हो सका। इससे पहले ट्रेनें टूटी पटरी से गुजरती रहीं। इस दौरान डाउन लाइन की सभी गाड़ियों को पिछले स्टेशन पर ही रोक दिया गया। ट्रैक की मरम्मत के बाद राजधानी सहित अन्य ट्रेनों को 30 किलोमीटर प्रतिघंटा का कासन लगाकर निकाला निकाला गया। वहीं बरहन स्टेशन पर मंगलवार सुबह ग्रामीण भूदेव पुत्र भरत सिंह ने स्टेशन मास्टर को पटरी टूटी होने की जानकारी दी। इसकी सूचना मुख्य नियंत्रण कक्ष को दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने ट्रैक मरम्मत कर यातायात सुचारू किया। इस दौरान प्लेटफार्म नंबर दो पर आने वाली टीएडी पैसेंजर को प्लेटफार्म तीन पर रोके रखा गया।