सामौर बाबा पर्यटन क्षेत्र को मिलेगी पर्यटन विकास को गति
- फोटो : सामौर बाबा पर्यटन क्षेत्र को मिलेगी पर्यटन विकास को गति
सिरसागंज। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सामौर बाबा धाम को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने धाम के आसपास भूमि अधिग्रहण का कार्य शुरू कर दिया है, जिसके तहत मंगलवार को ग्राम करहरा के किसानों से जमीन के बैनामे कराए गए।
जिला पर्यटन अधिकारी विशाल श्रीवास्तव ने बताया कि धाम के समग्र विकास के लिए प्रदेश सरकार ने 15 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। भूमि खरीदने के लिए जारी 6.39 करोड़ रुपये की धनराशि में से पहली किश्त के रूप में 1.42 करोड़ रुपये से जमीन अधिग्रहित की गई है। इस परियोजना के तहत धाम परिसर में 20 हजार लोगों की क्षमता वाला आयोजन स्थल, सुव्यवस्थित सड़क, पार्किंग, विश्राम गृह, प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण के कार्य कराए जाएंगे। जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। संवाद