फिरोजाबाद। पुर्नविवाह करने के बाद भी विधवा पेंशन का लाभ प्राप्त करने वाली ग्रामीण सफाईकर्मी को डीपीआरओ ने जांच रिपोर्ट के उपरांत एक वेतन वृद्धि रोकने एवं जीवन निर्वहन भत्ता के अतिरिक्त अन्य कोई वेतन नहीं दिए जाने की शर्त पर बहाल कर दिया। मामला काफी चर्चित रहा था। ब्लाक जसराना क्षेत्रांर्गत ग्राम पंचायत औरंगाबाद में तैनात महिला सफाई रामा देवी पर गांव के ही एक व्यक्ति ने पति की मृत्यु के बाद दूसरी शादी करने के बाद भी विधवा पेंशन योजना का लाभ लेने की शिकायत की थी। महिला पर गांव में उपस्थित नहीं रहने एवं उच्चाधिकारियों के निर्देशों का आरोप भी लगाया गया था।
शिकायत की जांच के दौरान महिला सफाईकर्मी पर विधवा पेंशन प्राप्त करने का आरोप सिद्ध हो गया। हालांकि सफाईकर्मी ने उक्त पेंशन राशि 28200 रुपये तत्काल राजकीय कोषागार के माध्यम से प्रोबेसन विभाग को वापिस कर दी। गत 22 अक्तूबर 2019 को शुरू हुई जांच कार्रवाई रिपोर्ट गत छह जुलाई को डीपीआरओ को प्राप्त हुई। जांच रिपोर्ट के आधार सफाईकर्मी महिला पर लगे उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना एवं गांव में उपस्थिति नहीं होने संबंधी आरोप सिद्ध नहीं हुए। डीपीआरओ नीरज कुमार सिन्हा उक्त सफाईकर्मी को पुर्नविवाह के बाद भी पेंशन योजना का लाभ लेने का आरोपी मानते हुए एक वेतन वृद्धि अस्थाई तौर पर रोकने एवं निलंबन अवधि के दौरान जीवन निर्वहन भत्ता के अतिरिक्त अन्य कोई वेतन नहीं दिए जाने के साथ बहाल कर दिया।