जसराना (फिरोजाबाद)। मुस्तफाबाद में मंगलवार को एक साधु की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह बीमारी के चलते चिकित्सक से दवा लेने आए थे। इसी दौरान वह परेशान होने पर सड़क किनारे नीम के पेड़ के नीचे बैठ गए। कुछ देर बाद खून की उल्टी होने से उनकी मौत हो गई।
मैनपुरी जनपद के थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव नगला गडरिया निवासी राजेश उर्फ बंडा (35) सन्यास ग्रहण करने के बाद साधु बन गए थे। वर्तमान में वह फिरोजाबाद जनपद के थाना एका क्षेत्र के गांव नगला कुम्हार स्थित रनवीर सिंह के मंदिर में रहकर पूजा-अर्चना करते थे। मंदिर में रहते हुए ही वह अपना भरण-पोषण कर रहे थे। बताया गया है कि राजेश काफी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। वह उपचार के लिए मुस्तफाबाद में एक चिकित्सक के पास आते-जाते रहते थे। मंगलवार को भी वह दवा लेने के लिए मुस्तफाबाद पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह नीम के पेड़ के नीचे बैठ गए। कुछ ही देर बाद उन्हें खून की उल्टी हुई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। साधु की मौत की जानकारी मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।