शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। पूर्व मंत्री और जिला पंचायत सदस्य की प्रत्याशी के पिता के बीच मारपीट के मामले में प्रत्याशी ने पूर्व मंत्री के खिलाफ डकैती में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
नगला खंगर के गांव उरावर में बृहस्पतिवार को निर्दलीय प्रत्याशी सपना यादव और उसके पिता डीपी यादव का पूर्व मंत्री अशोक यादव से विवाद हो गया था। आरोप था कि पूर्व मंत्री के सुरक्षाकर्मियों ने प्रत्याशी के पिता डीपी यादव के साथ मारपीट की और सपना यादव का मोबाइल छीन लिया।
मामले में प्रत्याशी सपना यादव ने पूर्व मंत्री और उनके सुरक्षाकर्मियों पर मारपीट करने, जबरन मतदाताओं को वोट डलवाने के लिए डराने और आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। मामले में पूर्व मंत्री और उनके आठ सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ डकैती सहित अन्य संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पूर्व मंत्री पर 395 डकैती, 354 ख, 323, 504, 506 और 171 व आचार संहिता उल्लंघन की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। इधर, शिकोहाबाद में आचार संहिता का उल्लंघन करने पर पूर्व मंत्री समेत एक दर्जन लोगों के खिलाफ थाना पुलिस ने दर्ज कराया है।