शिकोहाबाद। प्रयागराज में आयोजित होने वाले माघ मेले में शिकोहाबाद डिपो से रोडवेज बसें नहीं जाएंगी। वह अपने निर्धारित रूटों पर ही संचालित होंगी। बसों के माघ मेले में शामिल न होने से दैनिक यात्रियों का शहरी एवं देहात क्षेत्रों के सभी रूटों पर आरामदायक सफर का लाभ अनवरत जारी रहेगा।
अभी तक प्रयागराज में आयोजित हुए महाकुंभ मेले समेत मथुरा में आयोजित होने वाले मुढ़िया मेले में शिकोहाबाद डिपो से रोडवेज बसों को संचालित किया गया था। ऐसे में डिपो पर मौजूद 90 बसों में से कई बसों के मेलों में जाने के कारण खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को प्राइवेट वाहनों का सहारा लेना पड़ता था।
अब प्रयागराज में माघ मेला आयोजित होने वाला है। इस मेले में बसों को भेजे जाने के लिए अब तक डिपो के अधिकारियों को कोई पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। ऐसे में बसें अपने निर्धारित रूटों पर संचालित होंगी। जिससे दैनिक यात्रियों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। एआरएम प्रेमपाल ने बताया कि अभी तक माघ मेले में बसों को भेजे जाने के लिए कोई पत्र हमें प्राप्त नहीं हुआ है। आदेश आने के बाद ही बसों को माघ मेले में भेजा जाएगा।