जिला अस्पताल स्थित हाईवे पर बसों का इंतजार करती सवारियां
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। विधानसभा चुनाव के लिए रोडवेज बसों को अधिकृत किए जाने के कारण यात्रियों के सामने मुसीबत खड़ी हो रही है। बसों की कमी के चलते सोमवार को गंतव्य तक जाने के लिए यात्री कई घंटे भटकते रहे। इन दिनों सहालग भी हैं। इस कारण यात्रियों की भीड़ अधिक है। गंतव्य तक जाने के लिए यात्री डग्गामार और प्राइवेट वाहनों का सहारा ले रहे हैं।
शिकोहाबाद डिपो की 72 बसें हैं। इनमें 38 को प्रशासन द्वारा अधिकृत कर चुनाव ड्यूटी में लगा दिया है। अर्धसैनिक बलों के लिए भी बसें अधिकृत कर ली गई हैं। शहर के बस स्टैंड, सुभाष तिराहा सहित अन्य स्थानों पर यात्री बसों का घंटों इंतजार करते रहे। जब यात्रियों को बस का इंतजार करते हुए समय बीत गया तो वह डग्गामार वाहनों का सहारा लेते दिखे। सबसे ज्यादा परेशानी मैनपुरी और इटावा जाने वाले रूट पर है।