फिरोजाबाद। सार्वजनिक सड़कों व घने बाजार में अतिक्रमण के विरुद्ध निगम का अभियान मंगलवार को भी जारी रहा। प्रवर्तन दल की टीम ने मंगलवार को सुहागनगर चौराहा से हिमांयूपुर नाला तक मुख्य सड़क को अतिक्रमण से मुक्त कराया।
नगर निगम द्वारा शहर की प्रमुख सड़कों व घने बाजारों में अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। नगर आयुक्त के निर्देश पर प्रवर्तन दल की टीम मंगलवार को थाना दक्षिण क्षेत्र के अंतर्गत सुहागनगर चौराहे पर पहुंची। टीम ने सुहागनगर चौराहे से हिमांयूपुर नाला तक मुख्य सड़क की दोनों पटरियों पर व्याप्त अतिक्रमण को मुक्त कराया। प्रवर्तन दल प्रभारी संजीव अग्निहोत्री के अनुसार सड़क के दोनों ओर साइड पटरी पर दुकानदारों ने फड़ लगा लिए थे। ऐसे में सड़क से गुजरने वाले राहगीरों व वाहन चालकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
टीम ने साइड पटरी को अतिक्रमण कराने के साथ ही भविष्य में पुनरावृत्ति मिलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। कार्रवाई के दौरान आधा दर्जन दुकानदारों का सामान जब्त किया गया।